प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल के कोट्टनाद में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पीएम मोदी ने खुद यहां पर चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने रैली में आए लोगों से पूछा कि क्या वह ऐसी पार्टी और नेताओं को जीताना चाहेंगे जो 70 वर्षों में लोगों के घरों तक पीने का पानी नहीं पहुंचा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 60 वर्षों में कांग्रेस और एलडीएफ ने मिलकर केरल को दोनों हाथों से लूटा है। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि केरल की जनता को राज्य का विकास चाहिए। इसके लिए ऐसी सरकार चाहिए जो यहां पर विकास की गति को तेज कर सके और बेरोजगारों को काम दे सके। यह केवल भाजपा की सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का केवल एक ही मंत्र है- विकास, विकास और विकास। केंद्र की भाजपा सरकार जब से बनी है तब से लेकर आज तक सरकार ने गरीबों के उत्थान के लिए कई फैसले लिए और योजनाएं शुरू की हैं। जहां भ्रष्टाचार और दंगों की राजनीति होती थी वहां अब विकास की राजनीति होने लगी है। उनका कहना था कि यहां के युवाओं को काम चाहिए, जो उन्हें भाजपा की सरकार बनने पर देगी। उन्होंने रैली में आए लोगों से कहा कि जनता को इस बारे में फिर से विचार करना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार बदलने के साथ उन्हें अपने भविष्य को बदलने के लिए भी फैसला लेना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल में तीन अलग-अलग रैलियों को संबोधित करेंगे। इसमे कोट्टनाद के अलावा कसारगोद और तिरुवनंतपुरम भी शामिल है। केरल में 16 मई को मतदान होना है। इस चुनाव में पहली बार यहां के राज्यपाल अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उनका कहना था कि मौजूदा सरकार ने यहां के किसानों के लिए कभी कुछ नहीं किया। उनकी प्राथमिकताएं कुछ और थीं। वहीं केंद्र की सरकार ने किसानों के लिए पीएम फसल बीमा योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोगली बातें करती है। वह यहां पर लेफ्ट से लड़ती है लेकिन वहीं कोलकाता में दोनों हाथ मिलाते हैं। यह उनका असली चेहरा है। क्या ऐसे लोगों पर किसी को विश्वास करना चाहिए। ऐसे लोग आपकी और हमारी सभी की इंसल्ट करते हैं।
60 वर्षों में कांग्रेस-एलडीएफ ने मिलकर केरल को दोनों हाथों से लूटा: पीएम मोदी
