नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने में जुटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने स्टार प्रचारकों की संभावित सूची में कई फिल्म स्टार और खिलाड़ियों को भी शामिल करने का फैसला किया है। इस कड़ी में भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन प्रमुख नाम है। दिल्ली के मतदाताओं में बड़ी संख्या में शामिल पूर्वांचल के लोगों को ध्यान में रखते हुए रवि किशन को प्रचार में उतारा जा रहा है। वह बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। भाजपा से जुड़े सूत्रों की मानें तो 22 अप्रैल को होने वाले इस चुनाव में विभिन्न क्षेत्रों के सितारे भाजपा के पक्ष में प्रचार करते नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि इसके लिए क्रिकेटर शिखर धवन से भी बातचीत चल रही है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की मानें तो हम चाहते हैं कि हमारे सबसे बड़े नेता और लोकप्रिय हस्तियां जनता को संबोधित करें। हम आशा करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी कम से कम एक बार लोगों को संबोधित करें। हम उनसे इस संबंध में अनुरोध करने वाले हैं। बता दें कि पहलवान बहनों गीता और बबीता फोगाट को दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने हाल ही में स्वच्छ भारत अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए ब्रैंड एंबेस्डर नियुक्त किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि फोगाट बहनें भी प्रचार कर सकती हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। सूत्रों के मुताबिक, क्रिकेटर शिखर धवन भाजपा का प्रचार कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि भाजपा का उनके साथ अनुबंध लगभग हो चुका है।
MCD polls 2017: भोजपुरी फिल्म स्टार रवि किशन भी करेंगे BJP का प्रचार
