नई दिल्ली। दिल्ली के तीनों नगर निगमों की सत्ता में काबिज होने के हौसले के साथ उतरे आम आदमी पार्टी के संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधायकों को निर्देश दिया कि पार्टी को जीताने के लिए जी जान लगाएं। उन्होंने विधायकों को प्रत्याशी के साथ प्रचार के दौरान घर घर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर रविवार से इस अभियान का शुभारंभ भी कर दिया गया। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित अन्य मंत्री व विधायक प्रत्याशियों के समर्थन में लोगों के बीच पहुंचे और प्रचार किया। मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ आप विधायकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि सभी दिल्ली के 48 लाख से अधिक घरों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करें। इसके साथ ही सरकार के कार्यो की विस्तार से जानकारी उन्हें उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि रविवार से पार्टी का डोर-टू-डोर अभियान शुरू हो गया है। पार्टी ने 248 उम्मीदवारों को टिकट दे दिया है। जल्द ही अन्य टिकट भी वितरित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा है कि लोगों से सीधे मिलकर सरकार के बेहतर काम को रखें। इसके अलावा उन्होंने पदयात्रा, सभाएं व अन्य प्रचार अभियान की जानकारी उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए हैं।
आप विधायकों को प्रत्याशियों के साथ घर-घर जाने का निर्देश
