नई दिल्ली। पश्चिम विहार इलाके में एक युवती ने अपने दोस्त पर नशीला कोल्डड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक युवती पश्चिम विहार इलाके में रहती हैं। पीड़िता का आरोप है कि 8 अप्रैल को उसका एक दोस्त साहिल उसे पार्टी के बहाने लक्ष्मी नगर के एक मकान पर ले गया। वहां उसने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दिया। इसे पीते ही वह बेसुध हो गई। उसके बाद आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि उसने इसकी शिकायत पश्चिम विहार थाने में की है, लेकिन पुलिस ने इस बाबत कोई मामला दर्ज नहीं किया। उसके बाद वह आला अधिकारियों से मिली और इसकी शिकायत की। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती की शिकायत पर पश्चिम विहार थाना पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज कर लिया था। चूंकि घटना को लक्ष्मी नगर में अंजाम दिया गया, इसलिए पश्चिम विहार थाना पुलिस ने उसे शकरपुर थाना में स्थानांतरित कर दिया।